25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा अभियान


बीजापुर, 24 सितंबर 2026/sns/-जिले में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का आयोजन 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं तथा समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराना है।

अभियान के दौरान जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें महिलाओं एवं बच्चों के लिए पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के विकास एवं शिक्षा से संबंधित गतिविधियां तथा गरीब एवं कमजोर वर्ग के परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों का नियमित टीकाकरण, वजन एवं स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही स्वस्थ शिक्षा, पोषण एवं सुरक्षा से संबंधित गतिविधियां आयोजित होंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय के सहयोग से बच्चों के लिए मनोरंजन, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। अभियान में स्वास्थ्य शिक्षा, पोषक थाली का प्रदर्शन, पौष्टिक भोजन की विधि का प्रदर्शन, स्वास्थ्य जांच सहित विभागीय योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियां भी शामिल हैं। महिलाओं के लिए काउंसलिंग, मेहंदी एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समुदाय की भागीदारी बढ़ाते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और सुरक्षा को मजबूत करना है।

About The Author