मोबाइल एप से हो रही गिरदावरी की कलेक्टर ने परखी प्रगति

बीजापुर, 24 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने भैरमगढ़ में फसल सर्वेक्षण मोबाइल एप के माध्यम से किए जा रहे गिरदावरी एवं फसल सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोबाइल एप के जरिए दर्ज की जा रही फसल संबंधी जानकारी तथा भौतिक सत्यापन की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित मैदानी अमले को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गिरदावरी एवं फसल सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप सावधानीपूर्वक किया जाए, ताकि दर्ज की जाने वाली जानकारी सटीक, पारदर्शी एवं विश्वसनीय हो। उन्होंने मैदानी अमले से सर्वेक्षण के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में गिरदावरी एवं फसल सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मैदानी स्तर पर आने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि फसल सर्वेक्षण में दर्ज जानकारी किसानों से संबंधित शासकीय योजनाओं एवं विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सर्वेक्षण कार्य में सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

About The Author