सेवा संकल्प अभियान के तहत सद्भावना वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

अम्बिकापुर, 25 सितंबर 2026/sns/- जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत 24 सितंबर को सद्भावना वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय अंबिकापुर के राजीव गांधी खेल मैदान परिसर स्थित वॉलीबॉल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में जिले की कुल 7 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अंबिकापुर एवं ठाकुरपुर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में अंबिकापुर की टीम ने ठाकुरपुर को 2-1 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर वरिष्ठ एम.आई.सी. सदस्य श्री मनीष सिंह, एम.आई.सी. सदस्य श्री रविकांत उरांव एवं पीजी कॉलेज जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद श्री मनोज गुप्ता द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 वॉलीबॉल टीम के कप्तान श्री आदित्य प्रताप सिंह को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। वरिष्ठ एम.आई.सी. सदस्य श्री मनीष सिंह ने खेलों के क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन तथा खेल अधोसंरचना के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी श्री सज्जन सिंह, श्री प्रदीप सिंह, श्री राकेश मिश्रा एवं श्री अनिल सिंह, खेल विभाग की ओर से सहायक संचालक श्री राम कुमार सिंह, श्री देवेन्द्र सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं भारी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

About The Author