सेवा संकल्प अभियान से साकार हुआ उजाले का सपना

मोहला, 30 सितंबर 2026/sns/-जिले के विकासखंड मानपुर अंतर्गत ग्राम सम्बलपुर निवासी श्री अर्जुन सिंह हिंडामी के जीवन में मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना ने नई रोशनी और नई उम्मीद का संचार किया है। योजना का लाभ मिलने से पहले गांव में बिजली की स्थिति काफी कठिन थी। बारिश के मौसम में कई-कई दिनों तक बिजली उपलब्ध नहीं होती थी और गर्मी के दिनों में भी ग्रामीणों को बिजली की अनियमितता के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता था, जिन्हें शाम और रात के समय पढ़ने-लिखने में काफी दिक्कत होती थी। खेती के लिए पानी की व्यवस्था करने में भी परेशानी होती थी। मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद विद्युत आपूर्ति में सुधार आया और अब ग्रामीणों को नियमित बिजली की सुविधा मिल रही है। बिजली की उपलब्धता से खेती के लिए मोटर पंप सुचारू रूप से चल रहा है, जिससे सिंचाई की व्यवस्था बेहतर हुई है। वहीं बच्चों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त रोशनी मिलने से उनकी शिक्षा में आने वाली बाधा भी दूर हुई है। श्री अर्जुन सिंह हिंडामी बताते हैं कि गांव में बिजली की बेहतर सुविधा ने उनके परिवार सहित पूरे गांव के दैनिक जीवन को आसान बनाया है और विकास की नई राह खोली है। यह बदलाव सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के संकल्प को भी दर्शाता है। इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए श्री अर्जुन सिंह हिंडामी एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि गांव में बिजली की नियमित उपलब्धता से बच्चों की पढ़ाई, खेती और रोजमर्रा के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना उनके लिए केवल बिजली की सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और विकास की नई रोशनी लेकर आई है।

About The Author