कॉलेज परिसर में ही मिली परिवहन सेवा
बीजापुर, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय सेवाओं को युवाओं तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने की दिशा में शासकीय शहीद वेंकटराव महाविद्यालय, बीजापुर में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया। परिवहन विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में ही लर्निंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा मिली। शिविर में कुल 56 हितग्राहियों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की निर्धारित प्रक्रिया से अवगत कराते हुए आवश्यक औपचारिकताएं परिसर में ही पूरी कराई गईं। इससे विद्यार्थियों को परिवहन कार्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और समय एवं आवागमन की बचत के साथ उन्हें जरूरी सेवा आसानी से उपलब्ध हुई।
युवाओं के द्वार तक पहुंच रही शासकीय सेवाएं- सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को आवश्यक शासकीय सेवाओं से जोड़ते हुए उन्हें सहज और सुविधाजनक तरीके से लाभान्वित करना रहा। महाविद्यालय स्तर पर शिविर आयोजित होने से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया समझने और उसका लाभ लेने का अवसर मिला।
इस पहल के माध्यम से युवाओं को वैध ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इस तरह के शिविर दूरस्थ जिले में नागरिक सेवाओं की पहुंच को अधिक सहज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। एक ही परिसर में प्रक्रिया और सुविधा उपलब्ध होने से 56 हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिला, जिससे अभियान की ‘सेवा को नागरिकों के करीब पहुंचाने’ की भावना साकार हुई।