सेवा सेतु शिविर 1 से 7 अक्टूबर तक लगेंगे
दुर्ग, 01 अक्टूबर 2026/sns/- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आम नागरिकों को शासकीय सुविधाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक विकासखंड एवं विधानसभावार विशेष सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिले में शिविर का आयोजन आज विवेकानंद सभागार भवन में किया गया। अभियान के पहले दिन आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे, जहां उन्हें विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।
इस शिविर में उरला, करहीडीह, सिकोला, बघेरा, दुर्ग शहर, फुलगांव, पोटियाकला, बोरसी, कसारीडीह, तितुरडीह एवं कातुलबोड क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर के दौरान समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, प्रधानमंत्री आवास एवं राजस्व विभाग से जुड़े नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खाता विभाजन और डायवर्सन जैसे महत्वपूर्ण मामलों के आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से कई आवेदनों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 34 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
परिजनों को मिनटों में मिला मृत्यु प्रमाण पत्र- शिवपारा (दुर्ग) निवासी तेज प्रकाश यादव का 25 सितम्बर 2026 को निधन हो गया था, लेकिन उनका मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था। जब उनके परिजनों को सेवा सेतु शिविर की जानकारी मिली, तो उन्होंने शिविर पहुँचकर प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। विभागीय अधिकारियों की तत्परता से महज कुछ ही मिनटों में उनका मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर परिजनों को सौंप दिया गया।
ईश्वर सिंह को तुरंत मिले राजस्व दस्तावेज-इसी तरह दुर्ग निवासी ईश्वर सिंह राजपूत ने अपने भू-अभिलेख से संबंधित दस्तावेजों के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में अधिकारियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें मौके पर ही बी-1 (खतौनी) और पी-2 (खसरा) की प्रतिलिपियाँ प्रदान किया गया। शिविर के माध्यम से एक ही जगह पर तुरंत दस्तावेज प्राप्त होने से हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं वरिष्ठ नागरिक श्री सुरेन्द्र कौशिक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों व दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में आए हितग्राहियों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्वास्थ्य स्टॉल पर पहुंचकर अपना ब्लड प्रेशर भी चेक कराया।
शिविर स्थल पर तैयार हो चुके प्रमाण पत्रों का वितरण महापौर श्रीमती बाघमार एवं अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को किया गया। इस अभियान के तहत नागरिकों को एक ही छत के नीचे सभी शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना, पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्राप्त शिकायतों व आवेदनों का त्वरित व पारदर्शी ढंग से निराकरण सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सभापति श्री श्याम शर्मा, श्री देव नारायण चन्द्राकर, श्री नीलेश अग्रवाल, साजन जोसफ, श्री गुलशन साहू, नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, अपर कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थॉमस, एसडीएम दुर्ग श्री सोनाल डेविड, उपायुक्त श्री मोहेंद्र साहू, तहसीलदार श्री पवन ठाकुर, श्री ढाल सिंह बिसेन, नायब तहसीलदार श्रीमती योगिता बंजारे, विभागीय अधिकारी सहित पार्षद व एल्डरमेन और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।