शासकीय योजनाओं से बेटियों के भविष्य को संवार रही रुआबांधाकी आफरीन

दुर्ग, 01 अक्टूबर 2026/sns/- शासकीय योजनाओं का लाभ सही दिशा में उपयोग किया जाए, तो यह परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। रुआबांधा, भिलाई की रहने वाली आफरीन ने  सरकारी योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग अपनी दोनों बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए कर रही हैं। पहली बेटी के जन्म पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिली 5 हजार रुपये की सहायता राशि का उपयोग उन्होंने बेटी के पोषण और स्वास्थ्य पर किया। वहीं, दूसरी बेटी के जन्म पर योजना के अंतर्गत प्राप्त 6 हजार रुपये की राशि भी उन्होंने उसकी देखभाल और पोषण में खर्च की।
इसके बाद महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उन्हें बेटियों की शिक्षा और भविष्य के लिए बचत करने में मदद की। वे इस राशि से अपनी बड़ी बेटी की कोचिंग फीस का भुगतान करती हैं, ताकि बेटी को बेहतर शिक्षा मिल सके। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के सहयोग से उन्होंने अपनी बेटी का सुकन्या समृद्धि योजना में खाता भी खुलवाया है, जिसमें वे हर महीने नियमित रूप से बचत राशि जमा कर रही हैं।
शासकीय योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने उनके परिवार को संबल देने के साथ ही उन्हें अपनी बेटियों की जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के लिए योजनाबद्ध तरीके से बचत करने का अवसर दिया है। आज वे आत्मविश्वास के साथ अपनी बेटियों की शिक्षा, पोषण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहती है कि योजनाओं का सही उपयोग महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही बेटियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी रख सकता है।

About The Author