सेवा की कहानीः अमरसाय के परिवार के लिए अब बारिश डर नहीं
अम्बिकापुर, 02 अक्टूबर 2026/sns/- बारिश का मौसम आते ही ग्राम पंचायत लोसगी के जामझर पारा निवासी अमरसाय पहाड़ी कोरवा की चिंता बढ़ जाती थी। कच्चे घर की छत से पानी टपकता था और लगातार बारिश के बीच मिट्टी की दीवारों के धंसने और गिरने का डर बना रहता था। अब पीएम जनमन आवास योजना (ग्रामीण) से मिले पक्के घर ने उनकी यह चिंता दूर कर दी है।
अमरसाय बताते हैं कि पहले उनका घर कच्चा था। बरसात में छत से पानी आने के कारण परिवार को परेशानी होती थी। कच्ची दीवारें भी बारिश में कमजोर हो जाती थीं, जिससे घर में सुरक्षित रहना मुश्किल होता था। पक्का आवास बनने के बाद अब परिवार को मौसम की मार से बचने के लिए मजबूत और सुरक्षित छत मिल गई है।
कच्चे घर की परेशानी पीछे छूटी
पक्का घर मिलने से अमरसाय के परिवार के रहन-सहन में बड़ा बदलाव आया है। अब बारिश के दौरान छत टपकने या दीवार गिरने की चिंता नहीं रहती। जिस परिवार के लिए कभी बरसात का मौसम परेशानी लेकर आता था, वह अब अपने पक्के घर में सुरक्षित रह रहा है।
अमरसाय अपनी खुशी साझा करते हुए बताते हैं, “पहले मेरा कच्चा घर था। बारिश में छत से पानी टपकता था और दीवार धंसने की दिक्कत रहती थी। अब सरकार से पक्का आवास मिला है। घर बहुत बढ़िया बना है और मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।
पीएम जनमन से दूरस्थ बसाहट तक पहुंची आवास की सुविधा
पीएम जनमन के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में आवास की सुविधा अमरसाय जैसे परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी है। जामझर पारा में मिला पक्का घर उनके परिवार के लिए बारिश से बचाव के साथ सुरक्षित जीवन का आधार बना है।
आवास मिलने से खुश अमरसाय ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का घर मिलने से उनके परिवार की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हुई है।