कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ली नगर निगम के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा बैठक

अम्बिकापुर, 03 अक्टूबर 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर निगम अंबिकापुर के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण, नियमित सफाई तथा यूजर चार्ज वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, संबंधित अधिकारी, सफाई ठेकेदार तथा स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा प्रोसेसिंग एवं नगरीय सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय तथा गौधाम के संचालन के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कचरा संग्रहण से लेकर उसके अंतिम निपटान तक की पूरी प्रक्रिया, उपलब्ध मानव संसाधन तथा कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी दी।

बड़े बकायादारों से एक माह के भीतर करें यूजर चार्ज की वसूली
कलेक्टर श्री वसंत ने यूजर चार्ज संग्रहण की समीक्षा करते हुए संपत्ति कर, समेकित कर एवं यूजर चार्ज के बड़े बकायादारों तथा निर्धारित दर से कम यूजर चार्ज का भुगतान करने वाले व्यावसायिक संस्थानों से एक माह के भीतर बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक सेवाएं जैसे नल कनेक्शन आदि बंद करने कार्रवाई करने को कहा। वहीं एकमुश्त बकाया राशि का भुगतान करने वाले संस्थानों को सम्मान पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए।

चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण के लिए चलाएं जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के अनुरूप नागरिकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संस्थाओं द्वारा चार श्रेणियों में कचरे का पृथक्करण कर स्वच्छता दीदियों को दिए जाने की व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। इसके लिए नियमित निगरानी, समझाइश एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को सोर्स सेग्रीगेशन के प्रति जागरूक करने तथा सभी स्वच्छता वाहनों के माध्यम से नियमित मुनादी कराने के निर्देश दिए।

सफाई कार्य में पर्याप्त श्रमिक और वाहन लगाना सुनिश्चित करें
नगर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सफाई ठेकेदारों को अपने प्रभावित क्षेत्रों में निर्धारित संख्या में सफाई श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन कचरा उठाव के लिए कम से कम दो वाहन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएलआरएम केंद्रों से गीले कचरे का प्रतिदिन नियमित रूप से परिवहन सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन और साफ-सफाई की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शौचालय संचालन एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शौचालयों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने कहा।

ठेला-गुमटी एवं स्ट्रीट वेंडरों के लिए भी सुनिश्चित हो कचरा प्रबंधन व्यवस्था
कलेक्टर ने शहर के ठेला-गुमटी एवं अस्थायी स्ट्रीट वेंडरों को चिन्हांकित कर उनके यहां डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उनसे निर्धारित यूजर चार्ज का भुगतान कराने तथा कचरे को पृथक-पृथक कर स्वच्छता दीदियों को देने की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करने कहा।
उन्होंने गौधाम में अतिरिक्त शेड निर्माण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

रिंग रोड की नियमित सफाई के लिए कार्ययोजना तैयार करें
कलेक्टर श्री वसंत ने शहर के रिंग रोड की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को रिंग रोड क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने कहा।

About The Author