नशा मुक्त भारत अभियान: कुकूसदा में ग्रामीणों को नशे से दूर रहने किया गया जागरूक

मुंगेली, 03 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान एकीकृत पुनर्वास केन्द्र (नशा मुक्ति केन्द्र) द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकूसदा, तहसील पथरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री नदीम काजी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके कारण हृदय, लिवर, किडनी एवं फेफड़ों सहित शरीर के विभिन्न अंगों पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है। नशे से होने वाले सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्ति केन्द्र के अधीक्षक श्री शत्रुहन साहू ने नशे के दुष्परिणामों एवं इससे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रचनात्मक गतिविधियों एवं अन्य सकारात्मक कार्यों से जुड़ने की सलाह दी, ताकि उनकी ऊर्जा का उपयोग बेहतर दिशा में हो सके। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें स्वस्थ वातावरण एवं सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। जागरूकता कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

About The Author