अंबिकापुर में ’यंग थिंकर मीट 2026’ में जुटे 65 युवा
अम्बिकापुर, 03 अक्टूबर 2026/sns/- मुहिम फाउंडेशन और यूथ एक्शन क्लब के संयुक्त सहयोग से शुक्रवार को ’यंग थिंकर मीट 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें सरगुजा जिले के 8 शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के 65 युवा शामिल हुए। इस मीट का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच देना था, जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें, दूसरों के भिन्न विचारों को सुन सकें और सार्थक संवाद कर सकें।
दिनभर चले सत्रों में प्रतिभागियों ने गांधी और वर्तमान समय से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने ष्गांधी, युवा और वह दुनिया जो हम बनाना चाहते हैंष्, ष्अगर गांधी आज एक युवा होते, तो वे कौन-से सवाल पूछते? “तथा गांधी के गाँव की परिकल्पना और आज के ग्रामीण भारत की सच्चाई” जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन एक बहस के साथ हुआ, जिसका विषय था, “21वीं सदी में गांधीः क्या उनके सिद्धांत और तरीके आज भी युवाओं और सामाजिक परिवर्तन के लिए मायने रखते हैं?”
सत्रों के बीच आयोजित क्विज ने माहौल में उत्साह बनाए रखा, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्पीच प्रतियोगिता में 37 युवाओं ने और डिबेट प्रतियोगिता में 23 युवाओं ने भाग लिया। इसके साथ ही यूथ के लिए गांधी पर आधारित गैलरी वॉक भी आयोजित की गई, जिसमें लोगों ने प्रदर्शित पोस्टरों और सामग्री के माध्यम से गांधी जी के जीवन, विचारों और उनके संदेशों को समझने का अवसर पाया।
यूथ एक्शन क्लब, अंबिकापुर, समान सोच रखने वाले युवाओं का एक सामूहिक प्रयास है। इसका उद्देश्य संवाद के लिए एक मंच तैयार करना और समाज के साथ-साथ स्वयं में भी सकारात्मक बदलाव लाना है। यह आयोजन इसी सोच की झलक रहा, क्योंकि पूरे कार्यक्रम की योजना और संचालन युवा स्वयंसेवकों ने स्वयं संभाला।
कार्यक्रम में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डॉ. दीपक सिंह, डॉ. कामिनी, सुश्री पूनम तथा मुहिम फाउंडेशन और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं के साथ अपने विचार साझा किए और चर्चाओं में भी भाग लिया।
आयोजन के बारे में मुहिम फाउंडेशन की आकृति ने कहा, “हमारी कोशिश है कि हर युवा को अपनी पसंद का जीवन गढ़ने की ताकत मिले और साथ ही एक सशक्त समुदाय भी बने।”
मुहिम फाउंडेशन का राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर और शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, अंबिकापुर के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) है। इन संस्थानों के साथ मिलकर युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकास, 21वीं सदी के कौशल, सामुदायिक सहभागिता और शोध के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का संयुक्त रूप से संचालन किया जा रहा है।