सुकमा में सादगी और गरिमा के साथ मनाई गई गांधी जयंती, बापू की प्रतिमा पर हुआ माल्यार्पण

सुकमा, 02 अक्टुबर 2026/sns/- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर जिले भर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर बापू को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बापू के दिखाए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग को अपने जीवन तथा कार्यप्रणाली में उतारने का संकल्प लिया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी के विचार और उनके उच्च नैतिक मूल्य आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने आजादी के आंदोलन में थे। सत्य और अहिंसा केवल सिद्धांत नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। यदि हम निष्ठा और ईमानदारी से राष्ट्रहित में काम करें, तो यही बापू के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अधिकारियों ने नागरिकों से गांधी जी के शांति और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में “स्वच्छता ही सेवा“ की भावना को साकार करते हुए जिले में सघन स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। नगर पालिका सुकमा, जिला चिकित्सालय, जिला पंचायत कार्यालय सहित जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान आयोजित हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। बापू के स्वच्छ और स्वावलंबी भारत के सपने को साकार करने के सामूहिक संकल्प के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

About The Author