सेवा की कहानीः फौती नामांतरण के लिए नहीं लगाना पड़ा बार-बार चक्कर, शिविर में शैलेंद्र का काम हुआ पूरा

अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026/sns/-   आमजनों को राजस्व संबंधी सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में आयोजित शिविर ग्राम बरगई निवासी शैलेंद्र सिंह के लिए राहत लेकर आया। पिता के निधन के बाद फौती नामांतरण के लिए उन्होंने संबंधित पटवारी को आवेदन दिया था। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत दरिमा में आयोजित सेवा सेतु शिविर के माध्यम से उनका प्रकरण शीघ्र पूरा हो गया, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा

तहसील दरिमा अंतर्गत ग्राम बरगई निवासी शैलेंद्र सिंह बताते हैं कि पिता के निधन के बाद राजस्व अभिलेख में फौती दर्ज कराने के लिए उन्होंने पटवारी को आवश्यक दस्तावेज दिए थे। दरिमा में शिविर आयोजित होने पर उनके प्रकरण पर कार्रवाई करते हुए कार्य शीघ्र पूरा कर दिया गया।

शैलेंद्र ने बताया कि शिविर में ही कार्य हो जाने से उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रकरण के त्वरित निराकरण से समय और परेशानी दोनों की बचत हुई।

शैलेंद्र सिंह ने कहा, “पिताजी के निधन के बाद फौती उतरवाने के लिए पटवारी को दिया था। दरिमा में शिविर लगने से मेरा काम जल्दी पूरा हो गया और मुझे ज्यादा परेशानी नहीं हुई। मैं इस व्यवस्था से संतुष्ट हूं।”

शैलेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से राजस्व संबंधी कार्य का शीघ्र निराकरण हुआ।

About The Author