स्मार्ट क्लास से विद्यार्थियों की पढ़ाई हुई आसान और रोचक
मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई को आधुनिक एवं रोचक स्वरूप मिल रहा है। कक्षा दसवीं के छात्र तेज प्रकाश ने बताया कि स्मार्ट क्लास की सुविधा से पढ़ाई पहले की तुलना में अधिक आसान और समझने योग्य हो गई है। तेज प्रकाश ने बताया कि पहले कई विषयों को मुख्य रूप से किताबों के माध्यम से पढ़ना पड़ता था, जिससे कुछ अवधारणाओं को समझने में अधिक समय लगता था। अब स्मार्ट क्लास में डिजिटल वीडियो, चित्र एवं अन्य दृश्य माध्यमों के जरिए विषयों को समझाया जाता है, जिससे कठिन से कठिन विषय भी आसानी से समझ में आने लगे हैं।
तेज प्रकाश ने कहा कि स्मार्ट क्लास में किसी विषय को केवल पढ़ने के बजाय उसे देखकर और समझकर सीखने का अवसर मिलता है। डिजिटल सामग्री के माध्यम से पढ़ाई करने से विषयों में रुचि बढ़ी है और कक्षा में सीखने का अनुभव भी बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा, “स्मार्ट क्लास शुरू होने से हमारी पढ़ाई पहले से ज्यादा रोचक और आसान हुई है। डिजिटल वीडियो और इमेज के माध्यम से विषयों को समझना सरल हो गया है। स्मार्ट क्लास की सुविधा विद्यार्थियों को पारंपरिक अध्ययन पद्धति के साथ आधुनिक डिजिटल शिक्षण माध्यमों से जोड़ रही है। इससे विद्यार्थियों में विषयों को समझने, प्रश्न पूछने और सीखने के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद मिल रही है।