डिजिटल संसाधनों से आयुष सोनकर की पढ़ाई हुई आसान

मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- स्मार्ट लाइब्रेरी और डिजिटल शिक्षा जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को पारंपरिक अध्ययन के साथ आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनके ज्ञान, आत्मविश्वास और भविष्य की तैयारी को मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र आयुष सोनकर के लिए स्मार्ट लाइब्रेरी सुविधा पढ़ाई के साथ-साथ उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रभावी माध्यम बन गई है। आयुष ने बताया कि स्कूल में स्मार्ट लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधा मिलने से अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हुए हैं। डिजिटल माध्यम से विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त करना और कठिन विषयों को समझना पहले की तुलना में आसान हो गया है।
स्मार्ट लाइब्रेरी में उपलब्ध डिजिटल सामग्री का उपयोग कर वह अपनी पढ़ाई को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ा पा रहा है। आयुष ने बताया कि स्मार्ट लाइब्रेरी का लाभ पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ ही यहां उपलब्ध डिजिटल संसाधनों के माध्यम से सामान्य ज्ञान, विभिन्न विषयों की अतिरिक्त जानकारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री प्राप्त करने में भी मदद मिल रही है। इससे अभी से उच्च शिक्षा और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने का अवसर मिल रहा है। आयुष का कहना है कि स्मार्ट लाइब्रेरी ने पढ़ाई को अधिक सुविधाजनक और रुचिकर बनाया है। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं का समाधान खोजने और विषयों को गहराई से समझने का अवसर मिल रहा है।

About The Author