सेवा की कहानीः शिविर में मिला बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, आनंद की परेशानी हुई दूर
अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर आमजनों के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण का माध्यम बन रहे हैं। ग्राम नवापारा कला निवासी आनंद कुमार चौहान को भी दरिमा तहसील में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
आनंद कुमार चौहान ने बताया कि उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था। इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर तहसील कार्यालय में जमा किए थे। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र लंबित था। दरिमा तहसील में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्होंने पुनः आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें प्रदान किया गया।
शिविर में ही लंबित प्रकरण का निराकरण होने से आनंद को प्रमाण पत्र के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज तहसील में जमा किए थे। सेवा संकल्प अभियान के शिविर में आज जन्म प्रमाण पत्र मिल गया। शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है, इससे मैं बहुत संतुष्ट हूं।”
बेटी का जन्म प्रमाण पत्र मिलने पर आनंद कुमार चौहान ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसमस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है।