बकेट क्लेम अभियान में उल्लेखनीय प्रगति
दुर्ग, 05 अक्टूबर 2026/sns/- धान खरीदी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों एवं उनके सह-हिस्सेदारों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टेक पंजीयन सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस वर्ष धान बिक्री के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन के साथ सह-खातेदारों का बकेट क्लेम (सहमति सत्यापन) अनिवार्य किया गया है। तहसील स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से बकेट क्लेम का निराकरण किया जा रहा है। किसान एवं सह-हिस्सेदार शिविर में समिति, सीएससी एवं पटवारी के माध्यम से बकेट आईडी बनवा सकते हैं। इसके लिए जिले में विशेष अभियान चलाकर किसानों को सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिले में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए संचालित बकेट क्लेम अभियान में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। 5 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 4,56,724 बकेट्स में से 1,41,094 बकेट्स का क्लेम पूर्ण किया जा चुका है। बकेट क्लेम प्रक्रिया के माध्यम से राजस्व संबंधी कार्यों के निराकरण को गति मिल रही है। तहसील स्तर पर अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा लगातार कार्य करते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। बोरी तहसील में 11,848, अहिवारा में 15,496 तथा पाटन में 52,735 बकेट क्लेम पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं दुर्ग तहसील में 33,444 बकेट क्लेम का निराकरण किया गया है।
जिले में बकेट क्लेम की प्रगति को और गति देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान एवं शिविर आयोजित कर लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बकेट क्लेम अभियान के परिणामस्वरूप राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं के निराकरण में तेजी आने के साथ ही किसानों एवं आम नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के साथ किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।