सेवा सेतु शिविर में 30 हितग्राहियों को मिला आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र

बीजापुर, 06 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा सेतु अभियान के तहत उसूर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के 30 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया माड़वी कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे की उपस्थिति में हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उन्हें अपने पक्के आवास का सपना साकार होने पर शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा करते हुए योजना के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्रक्रियाओं एवं मिलने वाली सहायता के बारे में भी हितग्राहियों को जानकारी दी गई। सीईओ जनपद पंचायत उसूर श्री प्रभाकर कुमार चंद्राकर ने हितग्राहियों को आवास निर्माण के विभिन्न चरणों एवं निर्धारित मापदंडों की जानकारी देते हुए स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, एसडीएम उसूर श्री भूपेंद्र गावरे, सीईओ जनपद पंचायत उसूर श्री प्रभाकर कुमार चंद्राकर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा विकासखंड के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

About The Author