सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय नवीन संगीत महाविद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

अम्बिकापुर, 06 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन संगीत महाविद्यालय, अंबिकापुर में “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर सेवा, समर्पण, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जनकल्याण की भावना को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों में जनसेवा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित हुआ।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा एवं जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों की कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने रंगों के जरिए “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” के संदेश को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

About The Author