सेवा सेतु शिविर के माध्यम से आमजन तक पहुंची शासन की सेवाएं
कवर्धा, 06 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु सरकार आपके द्वार” के तहत नगर पालिका परिषद पंडरिया क्षेत्र के लोरमी रोड, वार्ड क्रमांक 08 स्थित सामुदायिक भवन में ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में आम नागरिकों द्वारा विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं से संबंधित कुल 63 आवेदन प्रस्तुत किए गए। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं संबंधित शासकीय सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक सहज रूप से पहुंचाना है। नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सभी पात्र नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं। शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा शासन की योजनाओं से जुड़कर पात्रतानुसार लाभान्वित होने की अपील की।