कोलेगांव-अमली मालगी सड़क के नवीनीकरण के लिए 138.68 लाख का प्राकलन तैयार

कवर्धा, 06 अक्टूबर 2026/sns/- कोलेगांव से अमली मालगी को जोड़ने वाली सड़क के नवीनीकरण की दिशा में विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों की मांग और सड़क की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इसके नवीनीकरण के लिए 138.68 लाख रुपये का प्राकलन तैयार किया गया है। सड़क के नवीनीकरण के लिए तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के अनुसार, कोलेगांव-अमली मालगी सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2017-18 में स्वीकृत हुआ था। सड़क निर्माण का कार्य 31 मार्च 2019 को पूर्ण किया गया। नियमानुसार सड़क की पांच वर्षीय संधारण अवधि पूर्ण होने के बाद अब इसके नवीनीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
विभाग द्वारा नवीनीकरण कार्य के लिए तैयार प्राकलन को तकनीकी स्वीकृति हेतु अधीक्षण अभियंता, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, परियोजना मंडल दुर्ग के माध्यम से प्रस्तावित किया गया है। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होते ही सड़क नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और सड़क की स्थिति में सुधार होगा।

About The Author