सेवा संकल्प अभियान के तहत 07 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
मुंगेली, 06 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 07 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा। सेवा, समर्पण और राष्ट्रभावना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता रहेगी। सेवा ज्योति यात्रा आदर्श कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, परमेश्वरी चौक, नंदी चौक एवं हेमू कालानी चौक होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी में पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान सेवा, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी आयोजन रहेगा। इस अवसर पर सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश को नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।