आंगनबाड़ी के बच्चों की खुशियों में जुड़ें, खिलौना बैंक में करें सहयोग

रायगढ़, 7 अक्टूबर 2026/sns/- आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने का बेहतर वातावरण तैयार करने जिले में ‘खिलौना बैंक’ की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से खिलौना बैंक में उपयोगी खिलौने दान करने की अपील की है। 0 से 6 वर्ष की उम्र बच्चों के विकास की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। खिलौनों और खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा मिलता है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में खिलौना बैंक बनाए गए है। लोग अपने घरों में रखे अच्छी स्थिति के उपयोगी खिलौने दान कर सकते हैं। एकत्रित खिलौनों का उपयोग बच्चों की आयु और आवश्यकता के अनुसार विकासात्मक गतिविधियों में किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक अपने छोटे से सहयोग के जरिए आंगनबाड़ी के बच्चों की खुशियों और उनके बेहतर विकास में सहभागी बनें।

About The Author