एनएचएम सरगुजा भर्ती 60 पदों के लिए 1513 आवेदन, प्राथमिक सूची जारी

अम्बिकापुर, 07 अक्टूबर 2026/sns/-     राराष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत जिला सरगुजा में विभिन्न संवर्गों के 60 संविदा पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद प्राथमिक सूची जारी कर दी गई है। इन पदों के लिए निर्धारित अंतिम तिथि 08 सितंबर 2026 तक कुल 1513 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अभ्यर्थियों को जारी प्राथमिक सूची के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर 16 अक्टूबर 2026 तक दिया गया है।
जारी सूची में अभ्यर्थी यदि किसी प्रकार की त्रुटि, आपत्ति अथवा पात्रता संबंधी तथ्य प्रस्तुत करना चाहते हैं, तो वे निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।  निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

 लिखित एवं कौशल परीक्षा के लिए निर्धारित अनुपात
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए लिखित/कौशल परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित अनुपात के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक एक पद के विरुद्ध अधिकतम 10 पात्र अभ्यर्थियों को ही लिखित/कौशल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

 शासकीय अनुभव को ही माना जाएगा मान्य
भर्ती प्रक्रिया में अनुभव संबंधी महत्वपूर्ण प्रावधान भी निर्धारित किए गए हैं। अनुभव प्रमाण-पत्र के रूप में केवल मान्यता प्राप्त शासकीय संस्थाओं में संबंधित पद पर किए गए वेतनिक कार्य का अनुभव ही स्वीकार्य होगा। निजी संस्थाओं, अवैतनिक कार्य अथवा मानदेय रहित कार्यों के अनुभव को मान्य नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी प्रमाण-पत्रों की सत्यता का परीक्षण भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत चयन सूची, भर्ती नियम, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया एवं अद्यतन जानकारी जिला सरगुजा की आधिकारिक वेबसाइट www.surguja.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आगामी सूचनाओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

About The Author