सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अम्बिकापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, अम्बिकापुर में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता का संदेश दिया गया। नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा परिवार एवं समाज पर इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे के प्रति सचेत करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।