‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत शासकीय महाविद्यालय तमनार के विद्यार्थियों ने दी नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति

रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय तमनार के विद्यार्थियों ने बाजारपारा स्थित सहयोग स्कूल परिसर में नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति दी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, देशसेवा और उनके योगदान को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और देश के विकास में उनके योगदान को संवाद, अभिनय और मंचन के माध्यम से दर्शाया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के अभिनय, प्रस्तुति और प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्री मुकुंद मुरारी पटनायक, श्री विनायक पटनायक, श्री सुखदेव पटनायक, श्री जनक राम साहू एवं श्री उद्धव वैष्णव तथा श्री दुलेंद्र पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग स्कूल के प्राचार्य श्री योगेश शर्मा एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपनी रचनात्मकता और सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।

About The Author