कच्चे शेड की परेशानी खत्म, बकरी पालन से आत्मनिर्भर बने पोड़ियामी देवा

सुकमा, 08 अक्टुबर 2026/sns/- ग्राम पंचायत पालेम के रहने वाले किसान पोड़ियामी देवा के लिए बकरी पालन अब परिवार की आमदनी का अच्छा जरिया बन गया है। उनके पास 3 एकड़ जमीन है, जहां वे बारिश के मौसम में खेती करते हैं और साल में करीब 10 से 12 क्विंटल धान का उत्पादन होता है। खेती के बाद पूरे साल नियमित काम और आमदनी का साधन नहीं था। घर में 16 बकरियां थीं, लेकिन पक्का शेड नहीं होने के कारण उन्हें कच्चे लकड़ी के शेड में बकरियां रखनी पड़ती थीं। बारिश में पानी अंदर आ जाता था और जंगली जानवरों का भी डर बना रहता था। इससे बकरियां बीमार पड़ती थीं और कई बार उनकी मौत भी हो जाती थी।
पोड़ियामी देवा को ग्राम सभा के माध्यम से वीबी जी राम जी योजना के तहत बकरी शेड निर्माण की जानकारी मिली। उन्होंने ग्राम पंचायत में बकरी शेड बनाने की मांग रखी। ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद 1.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई और अगस्त 2026 में पक्के बकरी शेड का निर्माण पूरा हो गया। अब उनकी बकरियां बारिश और जंगली जानवरों से सुरक्षित हैं। पक्का शेड बनने से बकरियों के बीमार पड़ने की समस्या भी काफी कम हुई है।
पोड़ियामी देवा बताते हैं कि पहले बकरियों को सुरक्षित रखना उनके लिए बड़ी चिंता थी, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। बकरियां स्वस्थ हैं और उन्हें बेचकर अच्छी आमदनी भी हो रही है। बकरी पालन ने उनके परिवार को अतिरिक्त आय का सहारा दिया है और आत्मनिर्भर बनने की राह आसान की है। देवा के लिए पक्का बकरी शेड सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि परिवार की बेहतर आजीविका और सुरक्षित भविष्य की नई शुरुआत है। बकरी शेड बनाने के लिए देवा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।

About The Author