दुर्गम जंगलों से होकर गुजरने की मजबूरी हुई दूर
बीजापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/- कभी घने जंगलों और दुर्गम पगडंडियों से होकर घंटों का सफर तय करने वाले भैरमगढ़ विकासखण्ड के हुर्रापाल और नयापारा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क निर्माण नई उम्मीद लेकर आया है। लंबे समय तक नक्सल प्रभावित एवं अतिसंवेदनशील रहे इस अंदरूनी क्षेत्र में सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी परेशानियां कम हुई हैं। अब ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में पहले की अपेक्षा काफी सहूलियत मिल रही है।
भैरमगढ़ विकासखण्ड अंतर्गत सड़क एल081 टी02 से हुर्रापाल-नयापारा मार्ग का निर्माण बैच-1 के तहत स्वीकृत वर्ष 2018-19 में किया गया था। इस मार्ग की कुल लंबाई 1.50 किलोमीटर है। सड़क निर्माण के अंतर्गत 1.50 किलोमीटर मिट्टीकरण, मुरूमीकरण एवं पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है तथा ग्रामीणों का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से सुगम हुआ है।
कभी घंटों का सफर, अब कम समय में पहुंच रही आवश्यक सुविधाएं-
पूर्व में हुर्रापाल एवं नयापारा क्षेत्र के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम वनांचल होने के कारण आवागमन के लिए कच्ची पगडंडियों और जंगल के रास्तों पर निर्भर रहना पड़ता था। दैनिक उपयोग की सामग्री, राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था करने के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। विशेषकर बीमार व्यक्तियों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में काफी समय लगता था।सड़क निर्माण होने से अब ग्रामीणों के लिए आवागमन आसान हुआ है। स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल रही है, वहीं जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में लगने वाला समय भी कम हुआ है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।
सड़क संपर्क से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे अंदरूनी गांव-
लंबे समय तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहे इस क्षेत्र में सड़क निर्माण ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल ग्रामीणों की दैनिक परेशानियां कम हुई हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुंच भी सुदृढ़ हुई है। बीजापुर जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। हुर्रापाल से नयापारा तक निर्मित यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दुर्गम वनांचल में विकास, सुविधा और बेहतर भविष्य की उम्मीदों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बन गई है।