सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम, बच्चों के पोषण और महिलाओं के सशक्तिकरण पर चर्चा
मोहला, 29 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के कुल्हारदोह, कदांडी, रामगढ़, परविडीह एवं कुर्सीपार ग्रामों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ माताओं एवं महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, शिक्षा एवं संस्कार की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के साथ माताओं एवं महिलाओं तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी आवश्यक है। श्रीमती सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने और शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इनके योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान माताओं एवं महिलाओं के साथ मातृ संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं देखभाल से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित पात्र हितग्राहियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे आत्मीय संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।