सेवा संकल्प अभियान: सेवा के रंग, राष्ट्र के संग

अम्बिकापुर, 29 सितम्बर 2026/ sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारतकृसेवा के रंग, राष्ट्र के संग” की भावना के साथ श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के यूथ एक्टिविटी क्लब के तत्वावधान में आयोजित भाषण, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वदेशी नवाचार और भारतीय ज्ञान परम्परा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया

एआई को मानव क्षमता के साथी के रूप में युवाओं ने किया प्रस्तुत
यूथ एक्टिविटी क्लब द्वारा “विकसित भारत में एआई: मानव क्षमता का साथी, रचनात्मकता का विकल्प नहीं” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को अपने विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों के ओजस्वी वक्तव्यों में विज्ञान एवं तकनीक के विकास के साथ मानवीय मूल्यों और भविष्य की झलक दिखाई दी। प्रत्येक प्रतिभागी ने निर्धारित समय-सीमा में विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।
यूथ एक्टिविटी क्लब प्रभारी डॉ. डाली शर्मा के नेतृत्व में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कम्प्यूटर एंड आईटी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश शाक्य तथा डॉ. श्रीराम बघेल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

निबंध में दिखी स्वदेशी नवाचार से विकसित भारत की परिकल्पना
इसी क्रम में “स्वदेशी नवाचार ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में युवाओं ने भारतीय ज्ञान परम्परा के विविध आयामों के साथ स्वदेशी नवाचार की उपयोगिता और विकसित भारत के निर्माण में इसकी भूमिका को रेखांकित किया। विद्यार्थियों ने शिक्षा, आत्मविश्वास, स्वतंत्रता और नवाचार को राष्ट्र की प्रगति से जोड़ते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

रंगोली में साकार हुआ ‘इंडिया ऑफ माय ड्रीम्स’
   इस अवसर पर “इंडिया ऑफ माय ड्रीम्स” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को आकर्षक और रचनात्मक स्वरूप दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में यूथ एक्टिविटी क्लब के सदस्य डॉ. जगमीत कौर, तूलिका सिन्हा, डॉ. कंचन साहू, सगुफ्ता नाज तथा दीपा तिवारी का सक्रिय सहयोग रहा।

About The Author