राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 8 हजार पदों पर होगी भर्ती

अम्बिकापुर, 29 सितम्बर 2026/sns/-   प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा स्टेडियम में किया जा रहा है। रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में लगभग 8,000 पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों की विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए उक्त वेबसाइट अथवा Chhattisgarh Rojgar App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।

ऑनलाइन आवेदन के पश्चात अभ्यर्थियों को निर्धारित रोजगार मेला तिथि को मेला स्थल  में आवश्यक प्रक्रिया एवं साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले के साथ-साथ जिला स्तरीय रोजगार मेले में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किया जाएगा। रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें रोजगार के व्यापक अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author