ऑनलाइन तुंहर टोकन ऐप से धान विक्रय हुआ आसान

अम्बिकापुर, 27 नवम्बर 2026/sns/-   छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओं से किसानों को सुविधा मिल रही है। धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन तुंहर टोकन ऐप से टोकन काटने की व्यवस्था ने धान विक्रय की प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। किसान घर बैठे ही अपने मोबाइल से टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय कर रहे हैं।
आदिमजाति सेवा सहकारी समिति उदयपुर के धान उपार्जन केंद्र में क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के कुल 878 पंजीकृत किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिल रही है। इनमें उदयपुर, झिरमिटी, पुटा, पंडरीपानी, महेशपुर, मानपुर, रामनगर, लक्ष्मणगढ़, सानीबर्रा और सोनतराई ग्राम पंचायत शामिल हैं।

मोबाइल से तुंहर टोकन ऐप से खुद काटा ऑनलाइन टोकन, 38 क्विंटल धान लेकर पहुंचे मुलचंद
ग्राम पंचायत बेलडाप के किसान मुलचंद ने बताया कि उदयपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। केंद्र तक पहुंचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। यहां किसानों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी है, जिससे किसानों को सहूलियत मिल रही है।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मोबाइल से ऑनलाइन टोकन काटने की सुविधा दी गई है। इसका लाभ लेते हुए उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल से टोकन काटा और 38 क्विंटल धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उनका कुल 80 क्विंटल धान विक्रय के लिए है।

किसानों के हित में बेहतर व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री को दी बधाई
किसान मुलचंद ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। धान खरीदी के साथ किसानों को मिलने वाली सहायता राशि से भी वे काफी खुश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को किसानों के हित में बेहतर व्यवस्था करने के लिए धन्यवाद देते हुए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी की सुगम व्यवस्था और किसानों को मिल रही सुविधाओं से उन्हें काफी राहत मिली है। सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

About The Author