देश की जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सुशासन पर अटूट विश्वास : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

देश की जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सुशासन पर अटूट विश्वास : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

उत्तर प्रदेश में भाजपा के 8 राज्यसभा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन और उपचुनावों में एनडीए की जीत पर मुख्यमंत्री श्री साय ने दी बधाई

विपक्ष के झूठे नैरेटिव, दुष्प्रचार और नकारात्मक राजनीति को जनता ने दिया करारा जवाब : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर 9 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के 8 राज्यसभा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तथा असम के नौगांव लोकसभा क्षेत्र, पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम एवं रेजीनगर और पुडुचेरी के थट्टनचावडी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए की विजय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, नीतियों और निर्णयों के प्रति देश की जनता के मजबूत विश्वास का परिणाम बताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अलग-अलग राज्यों से मिले ये जनादेश स्पष्ट करते हैं कि देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए देश को विकास की नई गति और नई दिशा दी है। इसी कारण देशवासियों का विश्वास प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर और मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र पर आगे बढ़ रही भाजपा और एनडीए की जनकल्याणकारी राजनीति के प्रति जनता के समर्थन की अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को लेकर देश जिस आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है, इन परिणामों ने उस विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया है।

श्री साय ने कहा कि जनता ने विपक्ष के झूठे नैरेटिव, दुष्प्रचार और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है। इंडी अलायंस और देशविरोधी शक्तियों को जनता ने अपने मत के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि देश अब भ्रम और नकारात्मकता की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, स्थिरता, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति चाहता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन हैं। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा और संगठन के प्रति जिस निष्ठा से कार्य कर रहा है, उसी अथक परिश्रम का परिणाम निरंतर मिल रहे जनसमर्थन के रूप में सामने आ रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, पार्टी पदाधिकारियों तथा सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम, संगठननिष्ठा और समर्पण भाजपा की विजय यात्रा का मजबूत आधार है।

About The Author