शासन की योजनाओं से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का नया अवसर

कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/sns/-
ग्रामीण विकास को नई गति देने में शासन की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बिहान योजना के माध्यम से गांव की महिलाओं को स्व सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों, वित्तीय सहयोग और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे महिलाओं की आय के साधन मजबूत हो रहे हैं और परिवारों की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कटोरीनगोई की श्रीमती गायत्री राज ने भी बिहान योजना से जुड़कर अपने हुनर को आजीविका का साधन बनाया है।
श्रीमती गायत्री राज बिहान योजना के अंतर्गत सत्या स्व सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें सीआईएफ फंड का लाभ मिला। अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने बैंक से 1 लाख रुपये का ऋण लिया और बुटीक सेंटर शुरू किया। आज वह स्वयं बुटीक सेंटर का संचालन कर रही हैं और नियमित रूप से आय अर्जित कर रही हैं।
बुटीक सेंटर से उन्हें प्रतिमाह 15 हजार रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है। इस आय से वह परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं। अपने काम से मिली आर्थिक मजबूती ने उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। स्वरोजगार के माध्यम से वह अपने परिवार की जिम्मेदारियों में सहभागी बनते हुए आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
लाभार्थी श्रीमती गायत्री कहती हैं, “बिहान योजना से जुड़ने के बाद मुझे अपने काम को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। स्व सहायता समूह के माध्यम से मिले सहयोग और बैंक ऋण से मैंने बुटीक सेंटर शुरू किया। आज इससे हर महीने 15 हजार रुपये से अधिक की आय हो रही है। इस आमदनी से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर पा रही हूं। अपने काम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला, इसके लिए मैं शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करती हूं।”
क्रमांक 1377/सुरजीत/फोटो क्रमांक 7
//समाचार//
सेवा संकल्प अभियान के तहत बालको जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर आज
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन होंगे शामिल
कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 10 अक्टूबर को बालको जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है। सेवा सेतु शिविर में उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

About The Author