घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर

मुंगेली, 09 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में मुंगेली एवं लोरमी विधानसभा क्षेत्रों में पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को पहली बार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सर्वेक्षण एवं पंजीयन संबंधी कार्य प्रभावी ढंग से कर सकें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंजोर सिंह पैकरा ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संबंधित जानकारी का सर्वेक्षण एवं सत्यापन करेंगे। इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची और एसआईआर-2026 से पूर्व की मतदाता सूची का मिलान कर ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पुरानी सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में किसी कारणवश शामिल नहीं है। ऐसे पात्र मतदाताओं का नियमानुसार पुनः पंजीकरण कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सर्वेक्षण के दौरान पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा मिलेगी। मतदाता पंजीयन को प्रोत्साहित करने के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।

About The Author