युवाओं को मिलेगी साइबर सुरक्षा और करियर की राह चुनने की जानकारी


सारंगढ़–बिलाईगढ़, 09 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में युवाओं को विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर को सारंगढ़ में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन सारंगढ़–बिलाईगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम शासकीय लोचन प्रसाद पांडे स्नातकोत्तर महाविद्यालय सारंगढ़ में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर विशेष रूप से शामिल होंगे।

साइबर सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन पर रहेगा विशेष जोर

कार्यक्रम में युवाओं को वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के महत्व, इंटरनेट एवं सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे अपने भविष्य के निर्माण के साथ प्रदेश और देश के विकास में भी सक्रिय योगदान दे सकें।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करना है। बदलते समय में तकनीकी ज्ञान के साथ सही करियर का चयन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसी दृष्टिकोण से यह आयोजन विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, आम नागरिकों सहित जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रहेगी। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होकर साइबर सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।

About The Author