मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए आवेदन

अम्बिकापुर, 09 अक्टूबर 2026/sns/-   मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में अध्ययन के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा संचालित इस योजना के तहत शिक्षण सत्र 2026-27 में पात्र संस्थानों में प्रवेश लेकर अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र विद्यार्थी 30 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन के दौरान आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), भारतीय विधि संस्थान (एनएलयू) तथा एमबीबीएस जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का प्रावधान है।

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है। साथ ही, विद्यार्थी छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना चाहिए। संबंधित संस्थान में चयनित होने का प्रमाण पत्र तथा प्रवेश के लिए संस्था द्वारा जारी सूचना पत्र भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करना होगा। पात्र विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी शासकीय कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में ही स्वीकार किए जाएंगे।

पात्र विद्यार्थी निर्धारित आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, कम्पोजिट बिल्डिंग, प्रथम तल, कलेक्टोरेट परिसर, अम्बिकापुर, जिला सरगुजा में जमा कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं।
योजना की पात्रता, शर्तों तथा आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट  www.surguja.nic.in   से डाउनलोड किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए आवेदन

About The Author