सेवा की कहानी: पीएम जनमन से कलऊ राम पहाड़ी कोरवा को मिला पक्का आशियाना
अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर 2026/sns/- विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के कलऊ राम के प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) ने जीवन में नया बदलाव लाया है। कभी कच्चे मकान में रहने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करने वाले कलऊ राम आज पक्के आवास में सुविधाजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनके घर तक सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधा पहुंचने से परिवार की वर्षों पुरानी परेशानियां दूर हुई हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलऊ राम की यह कहानी जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजातीय परिवारों के जीवन में आ रहे बदलाव को दर्शाती है।
जंगल से लकड़ियां जुटाने की मजबूरी हुई खत्म, मिला सुरक्षित आशियाना
कलऊ राम बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। घर बनाने और मरम्मत के लिए जंगल से लकड़ियां लानी पड़ती थीं। इसमें समय और मेहनत दोनों लगते थे। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का आवास मिलने से अब उन्हें इन परेशानियों से छुटकारा मिल गया है। परिवार को स्थायी आशियाना मिलने के साथ बेहतर रहन-सहन की सुविधा प्राप्त हुई है।
पिता ने झेली रास्ते की परेशानी, अब घर के दरवाजे तक पहुंची सड़क
कलऊ राम के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव गांव तक सड़क का पहुंचना है। उन्होंने बताया कि पहले गांव में सड़क नहीं होने से आवागमन कठिन था। उनके पिता ने भी वर्षों तक इन समस्याओं का सामना किया। अब घर के दरवाजे तक सड़क पहुंच जाने से परिवार का आवागमन आसान हो गया है। यह सुविधा उनके लिए पीढ़ियों पुरानी परेशानी से मुक्ति का प्रतीक बन गई है।
बिजली, पानी और गैस चूल्हे से आसान हुई दिनचर्या
कलऊ राम के परिवार को अब बिजली, नल और हैंडपंप से पेयजल तथा गैस चूल्हे की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा उन्हें मोबाइल, रेडियो और छाता भी प्राप्त हुआ है। इन सुविधाओं से दैनिक जीवन में सहूलियत बढ़ी है। कलऊ राम बताते हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी भटकना पड़ता था, लेकिन अब आवश्यक सुविधाएं घर और गांव में ही उपलब्ध हैं।
बुनियादी सुविधाएं के शासन का जताया आभार
अपने जीवन में आए बदलाव से उत्साहित कलऊ राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पहले हम लोगों को बहुत परेशानी होती थी। जंगल से लकड़ी लाकर घर बनाते थे। हमारे पिताजी ने भी सड़क नहीं होने की परेशानी झेली है। अब पक्का घर मिल गया है, दरवाजे तक सड़क आ गई है। बिजली, पानी और गैस चूल्हे की सुविधा भी मिल रही है। अब किसी चीज के लिए पहले की तरह भटकना नहीं पड़ता। हम बहुत खुश हैं।
जनजातीय परिवारों के जीवन में बदलाव की मिसाल बने कलऊ राम
प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का आवास प्राप्त करने वाले कलऊ राम की उपलब्धि केवल एक मकान तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवार को बेहतर जीवन की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिला है। कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का उनका सफर विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक कहानी है।