मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने प्रशासन की पहल तेज, घर-घर पहुंच रहा
सुकमा, 11 अक्टुबर 2026/sns/- जिले में प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार से जोड़ने तथा मतदाता सूची को पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की सक्रिय पहल से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर छूटे हुए मतदाताओं का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और निर्वाचन संबंधी सेवाओं को सुगम बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर को सेजेस तालनार में विशेष शिविर आयोजित कर 17 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों से संपर्क किया गया तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक जानकारी एकत्र की गई। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 90, कोन्टा के मतदान केंद्र क्रमांक 161, तालनार-1 में बूथ लेवल अधिकारियों (ठस्व्) की यह पहल युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान विभिन्न कारणों से अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं के नामों के पुनः सत्यापन और नए पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो। अभियान के तहत बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों में घर-घर पहुंचकर हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों का विवरण लेकर संबंधित नागरिकों की जानकारी एवं पात्रता का सत्यापन करेंगे। साथ ही, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया समझाकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा करना आसान होगा।
अभियान के तहत मैदानी स्तर पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। 11 अक्टूबर को ग्राम मुल्ललबंडा (ढोण्डरा) में घर-घर सर्वे के दौरान फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरवाए गए तथा अवितरित मतदाता पहचान पत्र (म्च्प्ब् कार्ड) संबंधित मतदाताओं को प्रदान किए गए।’’ यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन केवल मतदाता सूची के सत्यापन तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र नागरिकों को पंजीकरण एवं मतदाता पहचान पत्र संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी सक्रियता से कार्य कर रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में पारदर्शिता बढ़ने और नागरिकों की सहभागिता मजबूत होने की उम्मीद है।
निर्धारित समय-सीमा के अनुसार विशेष अभियान को एक माह के भीतर पूरा किया जाना है। जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के समन्वित प्रयासों से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, विश्वसनीय और अद्यतन बनाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गांव-गांव तक पहुंचकर सत्यापन, पंजीकरण और मतदाता जागरूकता की गतिविधियों को गति दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। प्रशासन की यह पहल सुगम निर्वाचन व्यवस्था, पारदर्शी मतदाता सूची और प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।