जिला शिक्षा अधिकारी ने पोटाकेबिन एवं आरएमएसए का किया निरीक्षण

सुकमा, 11 अक्टुबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी ने शनिवार को पोटाकेबिन बालाटिकरा, रोकेल एवं आरएमएसए छिंदगढ़, रोकेल का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्री आशीष राम भी उपस्थित रहे। निरीक्षण में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, पेयजल, शौचालय, शयन कक्ष, भोजन एवं मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से संस्था भेजने की पहल करने को कहा गया, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। जिला शिक्षा अधिकारी ने अनुदेशकों, रसोइयों एवं भृत्यों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
संस्था अधीक्षकों को विद्यार्थियों से नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का समाधान करने को कहा गया। किसी विद्यार्थी के अस्वस्थ होने पर तत्काल उपचार और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही दैनिक दिनचर्या में प्रार्थना, योगाभ्यास एवं नियमित अध्ययन शामिल करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर शैक्षणिक प्रगति बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर आवासीय सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए अनुशासन, नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने को कहा। निरीक्षण का उद्देश्य संस्थाओं की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

About The Author