सुकमा में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘जोश टीम’ का भव्य शुभारंभ

सुकमा, 09 अक्टुबर 2026/sns/- जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम उठाते हुए 08 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय सभागार में ‘जोश टीम’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे के दिशा-निर्देश में गुरुवार को जिला क्षय उन्मूलन केंद्र द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा की अध्यक्षता में सेंट्रल टीबी डिवीजन द्वारा आयोजित वर्चुअल सत्र से जुड़कर जिले में इस जन-अभियान की शुरुआत की गई, जिसमें स्वास्थ्य अमले सहित लगभग 50 प्रतिभागियों ने टीबी उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लिया।
जिले में टीबी उन्मूलन की सफलता को रेखांकित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मंच से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में जिले की 28 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। इसी कड़ी के प्रथम चरण में पहचान, त्वरित जांच और जनजागरूकता में अग्रणी रहीं तीन ग्राम पंचायतोंकृटेटरई, मारोकी एवं चिंगावरम के सरपंचों को प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया। इसके साथ ही टीबी को मात देकर स्वस्थ हुए व्यक्तियों को सम्मानित किया गया और मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट का वितरण किया गया।
इस महाभियान को नई ऊर्जा देने के लिए युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई। एनसीसी और ‘माई भारत’ के युवाओं को ‘जोश टीम’ से जोड़ते हुए सम्मानित किया गया। युवाओं को समाज में टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को मिटाने के लिए अग्रदूत बनने का दायित्व सौंपा गया, जिससे यह मुहिम केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित न रहकर एक प्रभावी जन-आंदोलन का रूप ले सके।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बारसे धनीराम और नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव सहित विशिष्ट अतिथियों ने टीबी के नियमित उपचार के महत्व पर बल देते हुए आमजन से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. भीमाराम बारसे, डीपीएम गीतू हरीत, डीपीसी मुकेश राय, पीपीएम समन्वयक नवीन पाठक, पिरामल फाउंडेशन से राजेश बघेल सहित मितानिनें, निक्षय मित्र और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author