मतदाता सूची से छूटे नामों के पुनः सत्यापन के लिए चलेगा विशेष अभियान

सुकमा, 09 अक्टुबर 2026/sns/- विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान विभिन्न कारणों से अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं के नामों के पुनः सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग विशेष अभियान चलाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने से रोकना है। अभियान के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।
घर-घर पहुंचेंगे बूथ लेवल अधिकारी अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने संबंधित मतदान केंद्रों की SIR के दौरान हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों का विवरण लेकर घर-घर पहुंचेंगे और उनका पुनः सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं की पात्रता एवं आवश्यक जानकारी की जांच की जाएगी, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य नए पात्र मतदाताओं को भी मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
एक माह में पूरा करना होगा अभियान निर्वाचन आयोग ने इस विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए संदर्भित पत्र के माध्यम से बिंदु क्रमांक 1 से 11 तक विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और अभियान की जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंचाने को कहा गया है। आयोग द्वारा निर्धारित एक माह की समय-सीमा में अभियान पूरा किया जाना है। इस पहल से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के साथ ही कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

About The Author