ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए गांवों में पहुंचे कलेक्टर श्री विश्वदीप चौपाल लगाकर सुनीं मांगें

बीजापुर, 11 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दूरस्थ अंचलों के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्राम चिन्नागेलूर भट्टीगुड़ा एवं कोंडापल्ली का दौरा किया। इस दौरान दोनों गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं, मांगों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा करते हुए गांव में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, शासकीय योजनाओं की पहुंच तथा विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलने की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 हर पात्र ग्रामीण तक पहुंचे शासन की योजनाओं का लाभ — कलेक्टर श्री विश्वदीप
चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों को वीबी रामजी योजना, आयुष्मान भारत योजना, आधार कार्ड, बैंक खाता, श्रम कार्ड, वनाधिकार पट्टा एवं जॉब कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने पात्र ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने तथा संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब दूरस्थ एवं अंतिम छोर पर निवासरत प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इनका लाभ पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।

 आधार कार्ड, बैंक खाता एवं श्रम कार्ड के लिए गांवों में लगेंगे विशेष शिविर
ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज एवं शासकीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप ने आधार कार्ड, बैंक खाता एवं श्रम कार्ड से संबंधित विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधार कार्ड एवं बैंक खाता विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। वहीं श्रम कार्ड के माध्यम से पात्र श्रमिकों को शासन की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा सकता है।

कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर शिविरों के माध्यम से पात्र ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने, बैंक खाता खोलने तथा श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को इन कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य सुरक्षा, जॉब कार्ड से रोजगार के अवसर
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राही योजना के प्रावधानों के अनुसार सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

इसी प्रकार वीबी रामजी योजना एवं जॉब कार्ड से संबंधित जानकारी देते हुए ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया। कलेक्टर ने पात्र परिवारों को आवश्यक पंजीयन एवं दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया।

वनाधिकार पट्टा के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने की समझाइश दी गई।

 ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान — सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने भी ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित अमले को ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दूरस्थ अंचलों में प्रशासन की पहुंच से ग्रामीणों में बढ़ रहा विश्वास
ग्राम चिन्नागेलूर एवं भट्टीगुड़ा (कोंडापल्ली) में आयोजित चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं एवं मांगें सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी मिलने से ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर प्राप्त हुआ।

जिला प्रशासन की यह पहल दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, आवश्यक दस्तावेजों एवं सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

*कलेक्टर श्री विश्वदीप ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है।

About The Author