प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लखपति दीदियों को प्रेरित कर लाभान्वित करें
अम्बिकापुर, 12 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समय-सीमा से संबंधित प्रकरणों का निर्धारित समय में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय कार्यों में तेजी लाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए विभागों से प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों के फील्ड विजिट की जानकारी ली तथा कहा कि अधिकारी सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रुप से फील्ड पर जाएं, दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष फोकस करें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी को जिले के सभी आरईएओ की कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए तथा सभी एसडीएम को धान खरीदी के पूर्व आरईएओ की बैठक लेने के निर्देश दिए। इस दौरान जाति प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाणपत्र निर्माण पर प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में डीएमएफ कार्यों पर वसूली एवं निर्माण कार्यों की स्थिति, मुआवजा प्रकरणों, अतिक्रमण सहित अन्य की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों के दौरान विभागों को दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जानकारी भी ली गई।
तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही शाखा पर कार्यरत कर्मचारियों के कार्य दायित्व बदलने के निर्देश-
कलेक्टर ने शासकीय कार्यालयों में तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही शाखा में कार्यरत कर्मचारियों के कार्य दायित्व बदलने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने कार्यालय, विकासखंड एवं अन्य कार्यालयों में लंबे समय से एक ही कार्य या शाखा का दायित्व संभाल रहे कर्मचारियों को अगले समय सीमा की बैठक से पूर्व बदलें।उन्होंने कहा कि यह कार्यालय की कार्यप्रणाली को सुधारने का मौका है, इसे गम्भीरता से लें और कार्यवाही सुनिश्चित करें।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की हुई समीक्षा, लखपति दीदियों को लाभान्वित करने दिए गए निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए लखपति दीदियों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि लखपति दीदियों के घरों में दो किलोवॉट क्षमता के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।वहीं ग्राम सरपंच, सचिवों को भी इस हेतु प्रेरित करने कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए डीएमएफ मद से शत-प्रतिशत राशि जारी करने के निर्देश-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वसंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन योजना, आंगनबाड़ी भवन, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, हैंडपंप, बोरवेल खनन एवं शौचालय निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए डीएमएफ मद से शत-प्रतिशत राशि जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण कार्यों की स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।