महतारी वंदन योजना की सहायता से सिलाई कार्य शुरू कर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ीं भारती धीवर

जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर 2026/sn/s- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर जांजगीर-चांपा जिले की श्रीमती भारती धीवर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता का उपयोग कर उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई कार्य शुरू किया। वहीं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिली सहायता से उन्हें गर्भावस्था के दौरान तथा बच्चे के जन्म के बाद पोषण एवं देखभाल में सहयोग मिला।
श्रीमती भारती धीवर बताती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से सिलाई मशीन खरीदने के बाद उन्होंने सिलाई कार्य शुरू किया और अपने हुनर के माध्यम से आय अर्जित करने लगीं। इससे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उन्हें सहयोग मिल रहा है। इसी तरह, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिली आर्थिक सहायता ने गर्भावस्था के दौरान उनके पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद की। इससे उन्हें अपने और बच्चे के बेहतर पोषण एवं देखभाल पर ध्यान देने में सहूलियत मिली।
श्रीमती भारती धीवर के लिए ये योजनाएं आर्थिक सहायता के साथ आत्मनिर्भरता और बेहतर मातृ एवं शिशु देखभाल का माध्यम बनी हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। भारती धीवर की कहानी इस बात का उदाहरण है कि शासकीय योजनाओं से मिलने वाली सहायता का सदुपयोग महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

About The Author