जल संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लेकर ग्रामीणों ने मनाया जल अर्पण दिवस
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 12 अक्टुबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जीवन मिशन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पेयजल व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड बिलाईगढ़ की ग्राम पंचायत खुरदरहा एवं आश्रित ग्राम चचरेल में जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत कार्यालय खुरदरहा में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए जल संरक्षण, स्वच्छता और पेयजल स्रोतों के सुरक्षित रखरखाव के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती रजनी साहू, उपसरपंच एवं पंचगण की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों और पेयजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण की जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जल आपूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखना भी आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा प्रतिमाह निर्धारित जल कर का नियमित भुगतान महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल के महत्व और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा हैंडपंपों एवं घरों के आसपास सोख्ता गड्ढों के निर्माण की उपयोगिता बताई गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि सोख्ता गड्ढों के माध्यम से उपयोग किए गए पानी के उचित निस्तारण और जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही भूजल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
जल अर्पण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को बताया गया कि पेयजल योजनाओं की सफलता केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके नियमित रखरखाव, स्वच्छता और सामुदायिक जिम्मेदारी पर भी निर्भर करती है। ग्रामसभा के माध्यम से जल जीवन मिशन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान किया।