बिहान समूह से जुड़कर फुलेश्वरी गेंदले ने बढ़ाए आत्मनिर्भरता की ओर कदम
मुंगेली, 12 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। समूहों के जरिए उपलब्ध ऋण सुविधा महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने और अपनी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग देती है। योजना से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं अपनी रुचि, हुनर और मेहनत के दम पर आजीविका के नए रास्ते तलाश रही हैं। इसी कड़ी में जिले के ग्राम बरछा निवासी श्रीमती फुलेश्वरी गेंदले ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया है। फुलेश्वरी गेंदले बिहान योजना के अंतर्गत समूह से जुड़ी हैं। उन्होंने समूह के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने की पहल की।
इस राशि का उपयोग करते हुए उन्होंने वेल्डिंग की दुकान खोली। इसके साथ ही वे सिलाई का कार्य भी करती हैं। इस प्रकार उन्होंने अपने हुनर और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए आजीविका के लिए दो अलग-अलग कार्यों को अपनाया है। फुलेश्वरी गेंदले ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने और ऋण की सुविधा मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला। वेल्डिंग की दुकान खोलकर उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में पहल की, वहीं सिलाई कार्य के माध्यम से भी अपनी दक्षता का उपयोग कर रही हैं। स्व-सहायता समूह महिलाओं को सामूहिक रूप से आगे बढ़ने, वित्तीय सहयोग प्राप्त करने और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। फुलेश्वरी की पहल इस बात का उदाहरण है कि उचित सहयोग और मेहनत से ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर को आजीविका का माध्यम बना सकती हैं।