बेटियों के सशक्त भविष्य की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की पहल

सुकमा, 12 अक्टुबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सरकार की नोनी सुरक्षा योजना बेटियों के सुरक्षित भविष्य और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आ रही है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बालिकाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है। अम्बिकापारा, गोंगला निवासी तान्या के जीवन में भी इस योजना ने नई उम्मीद जगाई है। पहली बेटी के जन्म के बाद योजना के लिए आवेदन करने वाली तान्या का मानना है कि शासन की इस पहल से उनकी बेटी का भविष्य बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
तान्या ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने अपनी पहली बेटी के लिए प्रधानमंत्री नोनी सुरक्षा योजना के तहत फॉर्म भरा है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, पात्र बालिका के नाम पर भारतीय जीवन बीमा निगम के माध्यम से 25,000रू का निवेश किया जाता है। निर्धारित शर्तें पूरी होने पर बालिका को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने, 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने और अविवाहित रहने पर 1 लाख रू की परिपक्वता राशि प्रदान की जाती है। तान्या के लिए यह सहायता केवल आर्थिक संबल नहीं, बल्कि अपनी बेटी की शिक्षा, बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भरता के सपनों को साकार करने की एक उम्मीद है।
महिला सशक्तिकरण और बालिका कल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाने वाली यह योजना बालिकाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करना, बाल लिंगानुपात में सुधार करना तथा बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से संचालित इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
योजना का लाभ लेने के बाद तान्या ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं। शासन की इस योजना से मुझे अपनी बेटी के भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद मिली है।” तान्या की यह प्रतिक्रिया दर्शाती है कि जनकल्याणकारी योजनाएं पात्र परिवारों के मन में भरोसा जगाने और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति आशा मजबूत करने का माध्यम बन सकती हैं। नोनी सुरक्षा योजना जैसी पहल ‘बेटी के जन्म से उसके उज्ज्वल भविष्य तक’ की सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

About The Author