विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं का होगा पंजीकरण

मोहला, 12 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हटाई गई प्रविष्टियों के पुनर्सत्यापन के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तथा नए एवं युवा मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा।
अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने संबंधित मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर एसआईआर के दौरान हटाई गई प्रविष्टियों के पुनर्सत्यापन की कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।  अभियान के तहत प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी द्वारा मतदान केंद्र स्तर पर प्रत्येक सप्ताह बुधवार एवं गुरुवार को कार्यालयीन समय में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शुक्रवार एवं शनिवार को आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में संस्थागत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

– पात्र नागरिकों से पंजीकरण कराने की अपील

इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। इसके लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग आवश्यक है। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

About The Author