राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों का सम्मान
बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर 2026/sns/-कन्याओं के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान और समाज में बराबरी का भाव जगाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि, इस मौके पर छात्राओं ने चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा बेटियों को समान अवसर देने का मजबूत संदेश दिया।
छात्राओं ने सामाजिक मुद्दों पर अपनी सोच और कलात्मक कौशल के जरिए प्रभावी प्रस्तुति दी । प्रतियोगिताओं में शामिल विजेता बालिकाओं- तारिणी साहू,गरिमा ध्रुव,आराध्या, दिशा ,भाग्यश्री, दीपिका को सम्मानित किया गया। उन्हें स्वल्पाहार भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर छात्राओं को अच्छी शिक्षा हासिल करने, लक्ष्य तय करने और परिवार व समाज का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से बालिका संरक्षण और लैंगिक समानता का संदेश रचा।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा, अस्पताल सलाहकार रीना सलूजा, जिला सलाहकार हर्षलता जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।